रांची : राजधानी में नगर निकाय चुनाव 2026 की सरगर्मियां चरम पर हैं। इसी कड़ी में सोमवार को वार्ड संख्या 18 से पार्षद प्रत्याशी सबलू मुंडा ने अपने हजारों समर्थकों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के लिए निकलने से पूर्व उन्होंने चडरी अखड़ा पूजा स्थल पर माथा टेक कर जीत का आशीर्वाद लिया, जिसके बाद समर्थकों का हुजूम पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा।

नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए सबलू मुंडा ने निवर्तमान पार्षदों और व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज वार्ड 18 की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी क्षेत्र की एक बड़ी आबादी शुद्ध पेयजल, बेहतर ड्रेनेज और पक्की सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने संकल्प लिया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो वार्ड 18 का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी और कोई भी नागरिक बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा।

इस शक्ति प्रदर्शन में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा सहित भारी संख्या में पुरुष और महिला समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुरेंद्र लिंडा, संजय नायक, विक्की सोनी, राजू लोहरा, बिरसी देवी और खुशबू देवी सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समर्थकों के भारी उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार वार्ड 18 का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

Share.
Exit mobile version