रांची : झारखंड में मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बेटियों की शादी अक्सर एक बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाती है। कई बार माता-पिता को समाज की परंपराओं को निभाने के लिए साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता है। इसी समस्या को जड़ से खत्म करने का बीड़ा उठाया है अभिनंदन ट्रस्ट ने। रांची के रोस्पा टावर स्थित कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद कुमार ने ‘कन्या विवाह उपहार योजना’ के तहत मिलने वाले बड़े लाभों की घोषणा की।
बाइक के साथ घर गृहस्थी का सारा सामान मुफ्त
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से सेवा कार्यों में जुटी है। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यदि कोई परिवार एक मोटरसाइकिल की कीमत चुकाता है, तो उसे केवल बाइक ही नहीं बल्कि गृहस्थी का पूरा सामान दिया जाएगा। इसमें टीवी, फ्रिज, गोदरेज, बिस्तर और बर्तनों समेत कुल 122 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं, जो पूरी तरह से ‘दान स्वरूप’ और निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।
रोजगार के साथ समाज सेवा का संगम
रोस्पा टावर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ना था। डॉ. विवेकानंद ने कहा कि यह केवल एक दान योजना नहीं है, बल्कि इससे जुड़कर बेरोजगार युवा अच्छी आमदनी भी कर सकते हैं। ट्रस्ट का लक्ष्य है कि झारखंड के हर जिले और प्रखंड तक यह संदेश पहुँचे कि अब बेटी की विदाई के समय किसी पिता को सिर झुकाने या कर्ज लेने की जरूरत नहीं है।
इस मौके पर ट्रस्ट के राज्य प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और अनिल कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इस योजना का लाभ पहुँचाना ही ट्रस्ट का एकमात्र संकल्प है।



