रांची: राजधानी की सड़कों पर रेंगते ट्रैफिक और बढ़ते जाम के दबाव को कम करने के लिए रांची यातायात पुलिस ने एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर बदलाव की योजना तैयार की है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, यातायात पुलिस अधीक्षक ने रेडियम चौक से लेकर किशोरी यादव चौक और न्यू मार्केट चौक तक के इलाकों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम, बिजली विभाग और NHAI के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सड़कों का होगा चौड़ीकरण : बिजली पोल होंगे शिफ्ट
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि रेडियम चौक से न्यू मार्केट के बीच बिजली के पोल सड़क के विस्तार में बाधा बन रहे हैं। पुलिस ने बिजली विभाग को निर्देश दिया है कि इन खंभों को तत्काल सड़क के किनारे शिफ्ट किया जाए ताकि सड़क के चौड़ीकरण का काम जल्द से पूरा हो सके।
न्यू मार्केट पर ‘फ्री लेफ्ट टर्न’ और जाकिर हुसैन पार्क पर नया गोलचक्कर
ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए न्यू मार्केट चौक के दोनों तरफ ‘लेफ्ट टर्न’ को फ्री करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके लिए नगर निगम की कुछ दुकानों को हटाने की भी योजना है ताकि मुड़ने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह मिल सके। इसके अतिरिक्त, जाकिर हुसैन पार्क के पास एक नया गोलचक्कर (Roundabout) बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे ट्रैफिक का प्रवाह व्यवस्थित हो सकेगा।
नागा बाबा खटाल के पास डबल लेन और नई पार्किंग
रातू रोड की ओर जाने वाले ट्रैफिक को राहत देने के लिए नागा बाबा खटाल के पास की सड़क को डबल लेन किया जाएगा। साथ ही, सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग को रोकने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में नए पार्किंग स्टैंड चिन्हित किए जा रहे हैं।
अवैध वसूली करने वालों की अब खैर नहीं
बैठक में ऑटो और टोटो एसोसिएशन के माध्यम से एक गंभीर मामला सामने आया है। कुछ असामाजिक तत्व नगर निगम के नाम पर अवैध पार्किंग वसूली कर रहे हैं। यातायात पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। रांची यातायात पुलिस, नगर निगम और बिजली विभाग का यह संयुक्त प्रयास शहर की भौगोलिक स्थिति को सुधारने और आम जनता को जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इंफ्रास्ट्रक्चर में इन बदलावों के बाद रांची की सड़कों पर यातायात काफी हद तक सुगम होने की उम्मीद है।



