Ranchi : झारखंड राजभवन में शनिवार को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और देशभर के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।

कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी सहित कई राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाए गए। राज्यपाल ने कहा कि भारत विविधता में एकता का जीता-जागता उदाहरण है, जहाँ प्रत्येक राज्य अपनी अलग संस्कृति, भाषा, परंपरा और लोककला के माध्यम से देश को मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणादायी पहल है, जो राज्यों के बीच आपसी सहयोग, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय एकजुटता को नई दिशा देता है। राज्यपाल ने इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से आज भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

राज्यपाल गंगवार ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के गठन तथा अनुच्छेद 370 हटाए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने समानता और समावेशिता की दिशा में देश को एक नई राह दिखाई है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस अभियान ने विश्व मंच पर भारत की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जो राष्ट्र की एकता और सौहार्द का उदाहरण है।

Share.
Exit mobile version