Lohardaga: सूचना के अधिकार और जन-अधिकारों की रक्षा को लेकर झारखंड में जागरूकता की नई मुहिम छेड़ते हुए हमर अधिकार मंच द्वारा रविवार को लोहरदगा के राणा चौक स्थित अग्रसेन भवन में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 पर एक भव्य निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और आरटीआई कानून की बारीकियों को समझा। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रख्यात आरटीआई एक्टिविस्ट एवं आरटीआई रिसोर्स पर्सन दीपेश निराला रहे।

उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरटीआई आम जनता के हाथ में लोकतांत्रिक शक्ति का सबसे बड़ा हथियार है, जिसके माध्यम से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब लोहरदगा के 102 वर्षीय वयोवृद्ध समाजसेवी कृष्ण लाल अग्रवाल को उनके दीर्घकालीन सामाजिक योगदान के लिए उत्कृष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। कृष्ण लाल अग्रवाल ने खेल एवं युवा विकास को बढ़ावा देने के लिए ललित नारायण स्टेडियम हेतु अपनी जमीन राज्यपाल के नाम दान की थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी भूमि दान देकर जगन्नाथ स्वामी मौसीबाड़ी मंदिर निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई। धार्मिक आस्था से ओतप्रोत अग्रवाल अब तक लगभग 75 लाख बार श्रीराम नाम लिख चुके हैं और सवा करोड़ श्रीराम नाम लिखने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हमर अधिकार मंच के केंद्रीय सचिव शकील अख्तर ने कहा कि मंच झारखंड के सभी प्रमंडलों में अपने संगठन का विस्तार करेगा और आम लोगों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ मंच हर स्तर तक लड़ाई लड़ेगा तथा जरूरत पड़ने पर उच्च न्यायालय रांची तक जाने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि मंच केवल आरटीआई तक सीमित नहीं है, बल्कि सिविल राइट्स, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर भी सक्रियता से कार्य कर रहा है। केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप राणा ने कहा कि आने वाले दिनों में हमर अधिकार मंच झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे मजबूत जनआंदोलन बनकर उभरेगा।

कार्यशाला में अध्यक्ष दीपेश निराला, महासचिव उमाशंकर सिंह, उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, नवल किशोर लाल, मीना कुमारी, प्रदीप राणा, सचिव चंद्रदेव कुमार वर्णवाल, चंदू, शकील अख्तर, सूर्य प्रकाश, शाहिद आलम, संयुक्त सचिव दीनबंधु कुमार, दिलीप कुमार, आशीष कुमार जायसवाल, अखिल कुमार, सुजीत कुमार पांडेय, मनोज कुमार सिंह, संजय, सुनील राम, बालमोहन प्रसाद, जावेद खान, बंटी अंसारी, विनोद यादव, चमर राम प्रजापति, अजय मित्तल, प्रोफेसर जुगल प्रसाद, दुर्गा प्रसाद सोनी, कामिल टोपनो, प्रोफेसर शिवदयाल साहू समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संयोजकता शकील अख्तर एवं प्रदीप राणा ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन रेणुका तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मीना कुमारी ने दिया।

Share.
Exit mobile version