Ramgarh : रामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू बगीचा के निवासी और लंबे समय से फरार चल रहे पेशेवर चोर पंचम सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को उसकी तलाश वर्ष 2011 से थी, जब उसके खिलाफ अदालत से वारंट जारी हुआ था। आरोपी पिछले 14 वर्षों से पुलिस से बचता फिर रहा था और गुमनामी में जीवन बिता रहा था।
रामगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचम सोनी, पिता जागेश्वर सोनी, पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह एक पेशेवर चोर है और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि वह रामगढ़ शहर में ही अपने घर में छुपकर रह रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पंचम सोनी जैसे पुराने अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस लगातार प्रयासरत है। इस तरह के मामलों में गिरफ्तारियां कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम कसने के लिए जरूरी हैं।



