जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये डकारने वाली कंपनी ‘मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड’ की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जमशेदपुर की एक अदालत के कड़े रुख के बाद अब इस मामले की आंच बॉलीवुड के गलियारों तक पहुँच गई है। साकची थाने में दर्ज नई प्राथमिकी (FIR) में मशहूर अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडेय, शक्ति कपूर और अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी को भी नामजद किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर हुई है। जसपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने फिल्मी सितारों की चमक-धमक और कंपनी के बड़े-बड़े कार्यक्रमों से प्रभावित होकर करीब 8 लाख रुपये निवेश किए थे। कंपनी ने उन्हें हर महीने 15 प्रतिशत रिटर्न का लुभावना लालच दिया था, लेकिन रिटर्न तो दूर, उन्हें मूलधन तक वापस नहीं मिला।

फिल्मी सितारों पर क्यों गिरी गाज?

शिकायतकर्ता के अनुसार, आम जनता ने कंपनी पर भरोसा इसलिए किया क्योंकि मंच पर गोविंदा, शक्ति कपूर और मनोज तिवारी जैसे दिग्गज सितारे मौजूद थे। इन कलाकारों ने न केवल मंच साझा किया, बल्कि कंपनी की योजनाओं की जमकर तारीफ भी की थी। अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच करेगी कि इन सितारों का काम सिर्फ ब्रांड प्रमोशन तक ही सीमित था या उन्होंने सीधे तौर पर लोगों को इस संदिग्ध योजना में पैसे लगाने के लिए उकसाया था।

25 हजार निवेशक और 600 करोड़ का खेल

मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड का काला चिट्ठा काफी बड़ा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह घोटाला करीब 600 करोड़ रुपये का हो सकता है, जिससे देशभर के लगभग 25 हजार निवेशक प्रभावित हुए हैं। कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को करीब एक साल पहले बिहार से गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे हैं।

अब पुलिस इन कार्यक्रमों के वीडियो फुटेज, विज्ञापनों और कलाकारों के साथ हुए एग्रीमेंट की जांच करेगी। अदालत के इस आदेश ने उन निवेशकों में एक बार फिर उम्मीद जगा दी है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई इस ‘ग्लेमरस’ स्कैम में गंवा दी थी।

Share.
Exit mobile version