Ranchi News : जन शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु रांची जिला प्रशासन द्वारा संचालित “अबुआ साथी” सेवा अब और अधिक आधुनिक व तकनीकी रूप से उन्नत होने जा रही है। इसी क्रम में इस सेवा का अपग्रेडेशन कार्य शुरू किया जा रहा है, जिसके चलते यह सेवा कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अबुआ साथी का व्हाट्सएप नंबर 9430328080 गुरुवार 17 जुलाई 2025 की रात 10:00 बजे से अगले तीन दिनों तक सेवा से बाहर रहेगा। इस दौरान आम नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

नागरिक अपनी शिकायतें जिला प्रशासन को सीधे ईमेल आईडी dc@degsranchi.in पर भेज सकते हैं। सभी प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रांची के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि “अबुआ साथी” सेवा को यूज़र-फ्रेंडली, पारदर्शी और तेज बनाया जा रहा है ताकि जन शिकायतों का समाधान और भी प्रभावी तरीके से हो सके। उन्होंने बताया कि अपग्रेडेशन के बाद इस सेवा में कई नए फीचर्स शामिल किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति जानने में और सुविधा होगी।

श्री भजंत्री ने कहा, “यह तकनीकी अपग्रेडेशन नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। अबुआ साथी सेवा को इस तरह डिज़ाइन किया जा रहा है कि शिकायतकर्ता को कम से कम समय में अधिकतम संतोषजनक समाधान मिल सके।”

उन्होंने सभी नागरिकों से इस अस्थायी असुविधा के लिए धैर्य रखने और वैकल्पिक ईमेल व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की है। प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि जैसे ही अपग्रेड कार्य पूरा हो जाएगा, सेवा फिर से चालू कर दी जाएगी और इसकी सूचना आमजन को समय रहते दे दी जाएगी।

इस तकनीकी बदलाव के बाद अबुआ साथी सेवा न केवल तेज़ होगी, बल्कि हर शिकायतकर्ता को अपने मुद्दे की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक करने की सुविधा भी मिलने की संभावना है।

Share.
Exit mobile version