दावोस/रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस के दौरान झारखंड के औद्योगिक विकास को नई गति देने वाली एक अहम पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन बी.के. गोयनका के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में झारखंड में लगभग 300 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया। यह निवेश मुख्य रूप से प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में किया जाएगा।
बैठक के दौरान राज्य सरकार की ओर से देवघर में प्रस्तावित पीवीसी आधारित प्लास्टिक पार्क की विस्तृत जानकारी वेलस्पन वर्ल्ड के प्रतिनिधियों को दी गई। मुख्यमंत्री ने राज्य में उपलब्ध औद्योगिक बुनियादी ढांचे, नीतिगत समर्थन और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी साझा की। वेलस्पन वर्ल्ड ने इस प्रस्ताव में गहरी रुचि दिखाते हुए जल्द ही झारखंड का दौरा कर स्थल निरीक्षण और विस्तृत अध्ययन करने की बात कही है।
इसके अलावा वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश की संभावनाओं पर रुचि जताई। राज्य प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, राज्यभर में मौजूद वेयरहाउसिंग और स्टोरेज सुविधाओं से संबंधित जानकारी साझा की। दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय और निरंतर संवाद के माध्यम से इन निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने पर सहमति व्यक्त की।
यह बैठक झारखंड को औद्योगिक निवेश के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रस्तावित निवेश से राज्य में नए उद्योग स्थापित होंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि ऐसे निवेशों के माध्यम से झारखंड को सतत औद्योगिक विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाए।



