Ranchi News : लोकहित अधिकार पार्टी रांची जिला इकाई की एक अहम बैठक कांके के भामाशाह नगर स्थित हरिनाथ ट्रेडर्स परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक जिला अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि संचालन महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुशीला देवी ने किया।
इस मौके पर हरिनाथ साहू को पार्टी के नवमनोनीत कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें अंग वस्त्र और फूलमाला पहनाकर बधाई दी गई। अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि लोकहित अधिकार पार्टी झारखंड सहित पूरे देश में वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए राज्यव्यापी आंदोलन चलाएगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी का गठन केवल डेढ़ वर्ष पूर्व झारखंड में हुआ था, लेकिन 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी ने सेब चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा और जनता से 68 हजार लोकसभा तथा 1 लाख विधानसभा वोट प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता के नेतृत्व में निःशुल्क शिक्षा और चिकित्सा, जातिगत जनगणना और आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है।
बैठक में झारखंड के प्रमुख स्थानीय मुद्दों जैसे विस्थापन नीति, स्थानीय नीति, पेसा कानून, आरक्षण, शिक्षा नीति में सुधार, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और निजीकरण के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें मुकुल नायक (पूर्व प्रत्याशी, कांके), बलदेव साहू, डॉ. दानेश्वर, रीना मुंडा, नेहा ठाकुर, अनीता तिर्की, गणेश साहू, प्रेमचंद कुमार, ब्रज राज, शुभम रजक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।



