दावोस। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड “प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास” की अवधारणा के साथ वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इस पहल को देश के जाने-माने उद्योगपति और समाजसेवी अजीम प्रेमजी ने सराहना दी है।
विप्रो लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और वर्तमान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने कहा कि झारखंड द्वारा विजन 2050 के तहत किए जा रहे गंभीर और संगठित प्रयास प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का सहयोगात्मक और सकारात्मक दृष्टिकोण निवेशकों के लिए भरोसेमंद माहौल तैयार करता है।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा निवेश कर रहा है। रांची के इटकी में विश्वविद्यालय, 1300 बेड का अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और स्कूल की स्थापना राज्य के सामाजिक विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने देश और दुनिया के निवेशकों से झारखंड में निवेश पर विचार करने की अपील करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



