Buxar: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में जांच की आंच अब बिहार तक पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से कुख्यात अपराधी विशाला श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। विशाल पर पहले से ही हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। एसटीएफ की टीम उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई है।

डिजिटल फुटप्रिंट ने फंसाया

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में एक UPI ट्रांजैक्शन सबसे बड़ा हथियार बना। जांचकर्ताओं को हावड़ा के बल्ली टोल प्लाजा से सुराग मिला कि वारदात में इस्तेमाल की गई संदिग्ध कार ने टोल पार करते समय डिजिटल भुगतान किया था। इस एक गलती ने पुलिस को संदिग्धों के मोबाइल नंबर और उनकी लोकेशन तक पहुंचा दिया। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों और उनकी गाड़ी की तस्वीरें भी साफ कैद हुई हैं।

ऑस्ट्रियाई पिस्तौल और विदेशी नेटवर्क का शक

6 मई की रात कोलकाता एयरपोर्ट के पास जिस तरह से चंद्रनाथ रथ की हत्या की गई, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। वारदात में ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक 47 एक्स पिस्तौल का इस्तेमाल हुआ है। सीआईडी और एसटीएफ की संयुक्त एसआईटी अब इस कोण से जांच कर रही है कि क्या इन अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई बांग्लादेश के रास्ते किसी विदेशी नेटवर्क ने की थी?

कैसे हुई थी वारदात?

चंद्रनाथ रथ जब अपनी एसयूवी से लौट रहे थे, तभी एक सिल्वर रंग की कार ने उनका रास्ता रोका और बाइक सवार शूटर्स ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। माना जा रहा है कि विशाल से पूछताछ के बाद इस हत्याकांड के असली मास्टरमाइंड और विदेशी हथियारों के लिंक का बड़ा खुलासा हो सकता है।

Read more: ममता का ‘किला’ ढहा: भवानीपुर में शुभेंदु ने दी मात, 17 हजार की बढ़त के बाद कैसे हारीं ‘दीदी’?

Share.
Exit mobile version