Ranchi News : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रविवार को जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जिला वरीय पदाधिकारियों, पुलिस विभाग और मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर रथ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा सिर्फ रांची नहीं, पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। इसलिए सभी विभाग और मेला न्यास समिति टीमवर्क की भावना से कार्य करें और सामूहिक जिम्मेदारी के तहत अपने-अपने कर्तव्यों का पालन करें।

मेला परिसर और रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे बिजली, चलंत शौचालय, पानी, अग्निशमन और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें वॉच टावर, सीसीटीवी और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति शामिल है। साथ ही, रथ मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है।

रथ मेला के दौरान स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात करते हुए उपायुक्त ने प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की। उन्होंने दुकानदारों और स्टॉल संचालकों से अपील की कि वे दोना, पत्तल, बांस की टोकरी और कागज जैसे बायोडिग्रेडेबल सामग्रियों का उपयोग करें। प्रत्येक स्टॉल के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।

मेले में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए वॉलिंटियर तैनात किए जाएंगे। एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें प्रशासन, मंदिर समिति और वॉलिंटियर जुड़ेंगे ताकि त्वरित सूचना मिल सके।

इसके अलावा, सूचना जन संपर्क विभाग के स्टॉल पर “खोया-पाया” केंद्र स्थापित किया जाएगा और झूलों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सभी झूला संचालकों को प्रमाणपत्र और सुरक्षा जांच रिपोर्ट अपने पास रखने को कहा गया है। उपायुक्त ने कहा कि रथ मेला आयोजन में सभी की भागीदारी से ही इसे सफल, सुरक्षित और यादगार बनाया जा सकता है।

Share.
Exit mobile version