Ranchi News : संथाल हूल दिवस के अवसर पर रांची के कांके रोड स्थित सिदो-कान्हू पार्क में वीर शहीद सिदो और कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। रांची के उपायुक्त-सह-ज़िला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सिदो-कान्हू जैसे महान क्रांतिकारियों की संघर्षगाथा आज भी हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में जब अन्याय और शोषण अपने चरम पर था, तब सिदो-कान्हू ने अपने समाज के अधिकार और न्याय के लिए जो विद्रोह छेड़ा, वह हमारे लिए आदर्श है। हमें उनके आदर्शों का पालन करते हुए एक समानता आधारित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने भी वीर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में संथाल हूल एक स्वर्णिम अध्याय है, जो हमें साहस, एकता और संघर्ष की सीख देता है। इस अवसर पर कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।



