Ranchi News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित झारखंड दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने राजधानी रांची में सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रशासन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन तक के 200 मीटर क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है।
इस आदेश के तहत ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून या अन्य किसी भी उड़ने वाली गतिविधि को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अनुमंडल दंडाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार ने बताया कि यह आदेश बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। निषेधाज्ञा 31 जुलाई की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 1 अगस्त की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
राष्ट्रपति का दो दिवसीय कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 31 जुलाई को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। उनका विमान कोलकाता से उड़ान भरकर 12:20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहां से राष्ट्रपति सीधे एम्स देवघर जाएंगी और एम्स के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके बाद वह शाम 4:00 बजे देवघर एयरपोर्ट से प्रस्थान कर 5:25 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
पहले दिन वह राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी और विभिन्न गणमान्य लोगों से मुलाकात भी करेंगी।
अगले दिन 1 अगस्त की सुबह 9:30 बजे राष्ट्रपति का विमान रांची से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए रवाना होगा। वहां से वह हेलीकॉप्टर द्वारा धनबाद जाएंगी और सुबह 11:10 बजे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी आईएसएम) धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद दोपहर 3:20 बजे धनबाद से दुर्गापुर लौटेंगी और फिर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देवघर, धनबाद और रांची में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। तीनों जिलों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और पुलिस प्रशासन ने सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि नो फ्लाइंग जोन का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम राष्ट्रपति की सुरक्षा और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है।



