गुमला जिले के डुमरी प्रखंड के दुर्गा मंदिर प्रांगण में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया। सुबह से ही श्रद्धालु भक्तजन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकियां और सांस्कृतिक नृत्य रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने राधा रानी और श्रीकृष्ण का वेश धारण कर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंच पर जब कृष्ण स्वरूप में बच्चों ने माखन-चोरी और बांसुरी वादन की झलक दिखाई तो पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से हमारी संस्कृति और परंपरा जीवंत रहती है और नई पीढ़ी को भी अपने धार्मिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया तथा माखन-मिश्री और प्रसाद का वितरण कर भक्तों के बीच बांटा गया।
डुमरी से आदित्य कुमार की रिपोट



