Ranchi News : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने सरकारी और निजी विद्यालयों में सुरक्षा और कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं के निरीक्षण की शुरुआत की है।

डालसा के न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष के मार्गदर्शन और सचिव रवि कुमार भास्कर की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम जिले के विभिन्न स्कूलों में जाकर न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि कर रही है।

सचिव रवि कुमार भास्कर ने बताया कि टीम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, कल्याण और संस्थागत सुरक्षा उपाय सही तरीके से लागू हों। टीम बच्चों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन से सीधे बातचीत कर रही है। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी, चूक या नियम उल्लंघन सामने आता है, तो उसका दस्तावेजीकरण किया जाएगा ताकि आगे कार्रवाई की जा सके।

बुधवार को टीम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं, स्कूल के आंतरिक प्रबंधन और कल्याणकारी सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

डालसा का यह अभियान आने वाले दिनों में अन्य सरकारी और निजी स्कूलों में भी जारी रहेगा, जिससे सभी शिक्षा संस्थानों में बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Share.
Exit mobile version