Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड सरकार राज्य में औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास को नई दिशा देने में जुट गई है। इसी क्रम में उद्योग सचिव अरवा राजकमल और ज़ियाडा (JIADA) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन की अगुवाई में एक उच्चस्तरीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को नई दिल्ली में कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लिया।
प्रतिनिधिमंडल ने जापानी अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (JICA) इंडिया की अपर मुख्य विकास विशेषज्ञ अदिति पुरी से मुलाकात की। इस दौरान जेआईसीए ने झारखंड सरकार के उद्योग, स्वास्थ्य और कौशल विकास के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में रणनीतिक साझेदारी को लेकर गंभीर रुचि दिखाई।
इसके अलावा उद्योग सचिव अरवा राजकमल की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) इंडिया के मुख्य महानिदेशक सुजुकी ताकाशी से भी मुलाकात की। जेईटीआरओ ने झारखंड को जापानी निवेशकों से जोड़ने का आश्वासन दिया और दोनों पक्षों ने मिलकर आउटरीच कार्यक्रम चलाने पर सहमति जताई।
इसके बाद झारखंड भवन, नई दिल्ली में एनईसी कॉर्पोरेशन के कॉरपोरेट स्ट्रेटेजी प्रमुख रयोहेई आइबा के साथ विशेष बैठक हुई। इस बातचीत में झारखंड में आईटी समाधान, दुर्लभ मृदा खनिज खनन में डिजिटल तकनीकों के उपयोग, और एक जापानी भाषा अकादमी की स्थापना के संयुक्त उपक्रमों की संभावना पर चर्चा हुई। एनईसी ने झारखंड के डिजिटल परिवर्तन में भागीदार बनने में गहरी रुचि जताई।
इन बैठकों से स्पष्ट है कि झारखंड सरकार वैश्विक निवेशकों को राज्य में आकर्षित करने के लिए ठोस रणनीति पर काम कर रही है, जिससे राज्य में आर्थिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं।



