Ranchi News : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना रांची जिले की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर उनके जीवन को संबल भी मिल रहा है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की निगरानी में जिला प्रशासन इस योजना को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। योजना के तहत महिलाओं को अंडा उत्पादन और बकरी पालन जैसे आजीविका के साधनों से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे स्वयं की आजीविका चला सकें और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, Potential Entrepreneurship Programme एवं अबुआ ग्रुप्स की ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी जैसे कि सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, JSLPS, नीति आयोग के यंग प्रोफेशनल आदि उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजना की सिस्टमैटिकली मॉनिटरिंग की जाए ताकि सभी लाभुकों को समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से प्रखंडवार वितरण पर ध्यान देने की बात कही और कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक इस योजना का लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।



