Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी ने झारखंड में बांग्ला बोलने वालों को “बांग्लादेशी” कहकर झारखंडियों की अस्मिता का अपमान किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नफरत ने लोगों को बांग्ला बोलना सिखा दिया और अब वे खुद भी बांग्ला सीख चुके हैं।

सोमवार को X पर एक पोस्ट करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने लिखा, “भाषा कोई अपराध नहीं है, बल्कि हमारी पहचान और संस्कृति का प्रतीक है। जिन्हें पहले बांग्ला नहीं आती थी, भाजपा की नफरत ने उन्हें यह भाषा सीखने पर मजबूर कर दिया।”

अपने बयान में उन्होंने आगे लिखा कि अब बिहार में चुनाव होने वाले हैं, जहां लाखों लोग बांग्ला बोलते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा वहां के बांग्ला भाषियों को ‘पाकिस्तानी’ कहेगी?

इरफान अंसारी ने भाजपा पर सांप्रदायिक और विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैं झारखंड में भाजपा को हरा चुका हूं। अब बंगाल के बाद बिहार की बारी है। भाजपा की नफरत की राजनीति को और आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।” उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “भाषा नहीं झुकेगी, झारखंड नहीं रुकेगा।” मंत्री अंसारी के इस बयान से राज्य की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है, खासकर भाषा और पहचान के मुद्दे को लेकर। आने वाले चुनावों में इस बयान का असर देखने को मिल सकता है।

Share.
Exit mobile version