Ranchi News : झारखंड राज्य हज समिति ने हज 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। हज कमिटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर संख्या 06 दिनांक 31 जुलाई 2025 के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब इच्छुक आवेदक 7 अगस्त 2025 तक हज यात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके साथ ही, हज 2026 के लिए विजयवाड़ा को 30 जुलाई 2025 से इम्बार्केशन पॉइंट घोषित कर दिया गया है। जिन आवेदकों ने पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर दिया है और वे इम्बार्केशन पॉइंट बदलकर विजयवाड़ा करना चाहते हैं, वे झारखंड राज्य हज समिति से संपर्क कर सुधार कर सकते हैं।
हज समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम रूप से चयनित हज यात्रियों को हज कमिटी ऑफ इंडिया, मुंबई के खाते में 1,52,300 रुपये का भुगतान 20 अगस्त 2025 तक करना अनिवार्य होगा। यह भुगतान समय पर नहीं करने पर चयन रद्द हो सकता है।
इस महत्वपूर्ण सूचना से झारखंड सहित देशभर के उन मुस्लिम यात्रियों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय पर आवेदन नहीं कर सके थे। समिति का कहना है कि यह विस्तार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग पवित्र हज यात्रा का हिस्सा बन सकें।
हज समिति के अधिकारियों ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और यात्रियों को ऑनलाइन माध्यम से आसानी से आवेदन करने की सुविधा दी जा रही है। साथ ही, चयनित यात्रियों के लिए हज यात्रा से पहले प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।



