Ranchi News : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बुधवार को राजभवन में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की स्टेट मैनेजिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राज्यपाल ने रेड क्रॉस की भूमिका को और अधिक प्रभावी एवं जन-कल्याणकारी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए।

रक्तदान को जनांदोलन का रूप देने पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान को सामाजिक जनांदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड जैसी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं जीवन में 15 से 20 बार रक्तदान किया है। राज्यपाल ने यह भी निर्देश दिया कि अधिक मात्रा में एकत्रित रक्त को समीपवर्ती जिलों में भेजा जाए, ताकि उसकी बर्बादी न हो।

भ्रांतियों को दूर करने और सम्मानित करने का आह्वान

राज्यपाल ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे रक्तदाताओं को सम्मानित किया जाए जिन्होंने 50 या उससे अधिक बार रक्तदान किया है।

रक्त की बिक्री और पारदर्शिता पर चिंता

बैठक के दौरान राज्यपाल ने कुछ स्थानों पर रक्त की बिक्री की शिकायतों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि रेड क्रॉस यह सुनिश्चित करे कि कोई भी मरीज विवश होकर रक्त न खरीदे। संस्था को समाज में समर्पित और भरोसेमंद रक्तदाता मंच के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त करनी चाहिए।

रेड क्रॉस की भूमिका और विस्तार

राज्यपाल ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सौ वर्षों से निःस्वार्थ मानव सेवा कर रही है। आपदा, विपदा और स्वास्थ्य संकट में इसकी भूमिका संवेदनशील और त्वरित रही है। उन्होंने ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक सेवा का विस्तार करने, वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिला इकाइयों को अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशिक्षण और सामाजिक दायित्व

राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य संकट से जुड़े नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता बताई, ताकि स्वयंसेवक हर परिस्थिति में सक्षम रहें। उन्होंने लावारिस शवों के अंतिम संस्कार को भी रेड क्रॉस का संवेदनशील सामाजिक दायित्व बताया।

अंत में राज्यपाल ने कहा कि “सेवा ही हमारा संकल्प हो” यही रेड क्रॉस की पहचान बने। बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, निदेशक (खेल) शेखर जमुआर, सोसाइटी की राज्य शाखा के पदाधिकारी और जिला इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version