Ranchi News : पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तत्परता दिखाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को निर्देश दिया कि विमल लकड़ा को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए और उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी नियमित रूप से दी जाए।
मुख्यमंत्री ने X के माध्यम से कहा कि झारखंड सरकार विमल लकड़ा जी और उनके परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है और उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पर्यटन, खेलकूद, कला-संस्कृति एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने क्यूरेसेटा अस्पताल पहुंचकर विमल लकड़ा और उनकी पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजय से विमल लकड़ा की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उन्हें सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खेत में बेहोश हुए थे बिमल लकड़ा
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय बिमल लकड़ा सोमवार को अपने गांव में खेत में बेहोश हो गए थे। उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए कुरड़ेग ले जाया गया, जहां से उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सिमडेगा में कराए गए सीटी स्कैन में सिर में खून का थक्का पाया गया, जिसके बाद चिकित्सकों के परामर्श से उन्हें रांची के क्यूरेसेटा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष एवं सिमडेगा हॉकी के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने जानकारी दी कि बिमल लकड़ा खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक बेहोश हो गए। राज्य सरकार और खेल विभाग की सतर्कता से यह स्पष्ट है कि विमल लकड़ा जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की चिंता और सम्मान सरकार की प्राथमिकता में है।



