Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों को चार-चार नए एंबुलेंस दिए जाएंगे। इसके अलावा राज्यभर के गांवों से मरीजों को लाने और ले जाने के लिए 15 हजार स्ट्रेचर भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह घोषणा रांची के नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान की गई। समारोह में राष्ट्रीय गुणवत्ता योजनाओं कायाकल्प, एनक्वास, लक्ष्य और मुस्कान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 744 स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित किया गया।

रांची सदर अस्पताल को कायाकल्प श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान हासिल करने पर 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं, इको-फ्रेंडली श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा, “जब तक झारखंड की स्वास्थ्य सेवाएं जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं बन जातीं, मैं चैन से नहीं बैठूंगा।” उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 6 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिनमें से एक जामताड़ा जिले में स्थापित होगा।

इसके अलावा रिम्स-2 की स्थापना और रोबोटिक इलाज की शुरुआत को उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव की दिशा में अहम कदम बताया।

समारोह में खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया और अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को उनके गृह जिले में पोस्टिंग देने की मांग की।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम निदेशक शशि प्रकाश झा, मेडिकल कॉरपोरेशन के एमडी अबु इमरान, डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और विजेता संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Share.
Exit mobile version