Ranchi News : रांची मंडल के डाकघरों में अब डाक सेवाएं और भी तेज, पारदर्शी और डिजिटल होने जा रही हैं। झारखंड डाक परिमंडल के रांची मंडल में 22 जुलाई से एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) सॉफ्टवेयर लागू किया जाएगा। इस तकनीकी बदलाव के कारण 21 जुलाई को मंडल के सभी डाकघरों में सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

इस बात की जानकारी वरिष्ठ डाक अधीक्षक रूपक सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि यह तकनीकी उन्नयन डाक सेवाओं को पूरी तरह आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

रूपक सिन्हा के अनुसार, APT सॉफ्टवेयर से डाकघर की सेवाएं पूरी तरह डिजिटल हो जाएंगी। इसके माध्यम से पार्सल और रजिस्ट्री की ट्रैकिंग अधिक सटीक होगी, ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे और अपनी शिकायतें भी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर पाएंगे।

डाककर्मियों को भी मिलेगा लाभ
APT प्रणाली से न सिर्फ ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलेगी, बल्कि डाककर्मियों के लिए भी यह प्रणाली कामकाज को आसान और तेज बनाएगी। उन्हें लेखा-जोखा, रिपोर्टिंग, ट्रैकिंग और शिकायत निपटारे में एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुविधा मिलेगी। इससे मैन्युअल काम कम होगा और दक्षता में वृद्धि होगी।

ई-कॉमर्स सेवाओं में आएगा बदलाव
APT प्रणाली के माध्यम से ई-कॉमर्स से संबंधित पार्सलों की डिलीवरी प्रक्रिया में भी तेजी आएगी, जिससे समय पर और सटीक डिलीवरी संभव हो सकेगी। इससे ग्राहक संतुष्टि में भी सुधार होगा।

डिजिटल इंडिया की ओर एक और कदम
डाक अधीक्षक ने बताया कि यह बदलाव भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन की दिशा में डाक विभाग का एक अहम कदम है। उन्होंने लोगों से 21 जुलाई को सेवाएं बंद रहने के लिए सहयोग करने की अपील की और कहा कि 22 जुलाई से लागू होने वाला APT सिस्टम डाक सेवाओं को नई ऊंचाई देगा।

Share.
Exit mobile version