Ranchi News : रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने 11 जून 2025 को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उपायुक्त ने मरीजों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की डिस्पेंसरी का दौरा कर दवाओं की उपलब्धता की स्थिति का भी जायजा लिया और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा मरीजों का विश्वास जीतने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आवश्यक है। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं हर जरूरतमंद मरीज तक पहुंचे, यह अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने कहा, “सदर अस्पताल जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। सभी स्तरों पर सुधार लाए जाएंगे और नियमित निगरानी की जाएगी।” इस निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, चिकित्सक एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version