Lohardaga News : लोहरदगा पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए ब्राउन शुगर के अवैध धंधे में शामिल दो अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 13 ग्राम ब्राउन शुगर, नकदी, रेलवे टिकट और मोबाइल सहित कई आपत्तिजनक सामान जब्त किए हैं। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 2,56,400 रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस अधीक्षक सादीक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिल रही थी कि लोहरदगा रेलवे स्टेशन और उसके आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का धंधा चल रहा है। इसी कड़ी में 8 अगस्त की शाम पुलिस को पुख्ता खबर मिली कि दो व्यक्ति समाहरणालय मैदान के पास इस ड्रग की डील करने वाले हैं।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। रात करीब 8:30 बजे पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी अमजद अंसारी (32) को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
वहीं, भागे हुए दूसरे आरोपी तबरेज खलीफा उर्फ सोनू खलीफा (22) को भी उसी रात सोमार बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे सासाराम (बिहार) से ब्राउन शुगर लाकर लोहरदगा में बेचते थे। पुलिस ने इनके पास से 4,300 रुपये नकद, टोरी–सासाराम और सासाराम–रांची के रेलवे टिकट, मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त किए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से इस नशे के अवैध कारोबार में लिप्त थे और इनका नेटवर्क बिहार और झारखंड के कई जिलों में फैला हुआ है। इनके खिलाफ लोहरदगा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, तकनीकी शाखा के नीरज कुमार मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशे के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आगे भी ऐसे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए अभियान जारी रहेगा।



