गुमला: जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, व्यक्तिगत हाइजीन और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं हाइजीन अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और केंद्रों की समग्र व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।

अभियान के पहले दिन जिला समाज कल्याण विभाग की 29 महिला पर्यवेक्षिकाओं, 3 सीडीपीओ और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 33 आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों की साफ-सफाई, रसोई और सामग्री की व्यवस्था, बच्चों के बैठने-खेलने की जगह, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा गतिविधियों और बच्चों की व्यक्तिगत हाइजीन पर विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों के नाखून काटे गए, बालों की साफ-सफाई कराई गई और उन्हें स्वच्छ कपड़े पहनाने को लेकर अभिभावकों को भी जागरूक किया गया।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों की औचक जांच कर साफ-सफाई और गतिविधियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही एलएस स्तर पर भी प्रतिदिन वीडियो कॉल के जरिए मॉनिटरिंग की जाएगी।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों की स्वच्छता और हाइजीन से जुड़ी गतिविधियों को प्रतिदिन नियमित रूप से संचालित किया जाए, ताकि उनमें बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित हो सके। उन्होंने बताया कि 15 दिनों में जिले के कुल 495 आंगनबाड़ी केंद्रों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को प्ले-स्कूल जैसा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

Share.
Exit mobile version