Jharkhand News: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सड़क निर्माण कार्य में लगे एक रोड रोलर को अज्ञात अपराधियों ने आग के हवाले कर दिया। यह घटना खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ के रायकेरा गांव के पास घटी, जहां देर रात अपराधियों ने रोड रोलर को निशाना बनाया। देखते ही देखते पूरी मशीन जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, उक्त रोड रोलर शिव कुमार साहू कंस्ट्रक्शन कंपनी का बताया जा रहा है, जो एसकेएस कंपनी के अधीन खूंटी-सिमडेगा रोड की मरम्मत कार्य में लगा हुआ था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस आगजनी की घटना को किसने अंजाम दिया और क्यों, लेकिन शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घटना ठेकेदार द्वारा लेवी की रकम नहीं देने के कारण हुई हो सकती है।

मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही तोरपा के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह और रनिया थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए हैं और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, लेवी वसूली के संदर्भ में निर्माण कंपनियों से भी जानकारी ली जा रही है।

यह घटना एक बार फिर से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों की उपस्थिति और निर्माण कार्यों में अवरोध उत्पन्न करने की उनकी मंशा को उजागर करती है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version