Ranchi News : कांके प्रखंड के मनहा गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का 24वां कांके अंचल सम्मेलन उत्साह और जोश के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साथी कामरेड मंगरा उरांव ने की। इस मौके पर जिला सचिव एवं सम्मेलन के पर्यवेक्षक अजय सिंह ने उद्घाटन भाषण दिया। उन्होंने कहा कि कांके क्षेत्र CPI का एक ऐतिहासिक और मजबूत आधार रहा है। यहां जमीन, भूमि अधिकार और साहूकारों के खिलाफ कई निर्णायक संघर्ष हुए हैं, जिनमें पार्टी ने जीत हासिल की और कई लोगों ने संघर्षों में अपनी कुर्बानियां दीं।

अजय सिंह ने आगे कहा कि कांके की धरती हमेशा संघर्षों की साक्षी रही है और अब जरूरत है कि पार्टी को घर-घर तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर अंचल सचिव हसीब अंसारी ने संगठनात्मक और राजनीतिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर उपस्थित सभी साथियों ने गंभीरता से बहस की और रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

सम्मेलन में आगामी आंदोलनों की रूपरेखा भी तय की गई और सर्वसम्मति से 15 सदस्यीय अंचल कमेटी का गठन किया गया। कामरेड तार सिंह लिंडवार को नया अंचल सचिव चुना गया। इस मौके पर राज्य परिषद सदस्य इशाक अंसारी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कांके अंचल में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की जरूरत है।

सम्मेलन में किरण कुमारी, शुकरा उरांव, चेता उरांव, डेविस कुजूर, दिनेश साहू, किशोर, सुखदेव, हसीब अंसारी, किरण महली सहित कई प्रतिनिधि साथियों ने भाग लिया। आगामी जिला सम्मेलन में भाग लेने के लिए कांके अंचल से 15 डेलीगेट्स का चुनाव भी किया गया। सम्मेलन की समाप्ति पार्टी के संकल्प और जनसंघर्षों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ हुई।

Share.
Exit mobile version