Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपने पैतृक गांव नेमरा की पगडंडियों पर चलते हुए न केवल धान रोपनी में जुटे किसानों और महिलाओं से बातचीत की, बल्कि इस दौरान उन्होंने अपने बचपन की यादें भी ताजा कीं। मुख्यमंत्री ने नेमरा के बरमसिया और बड़का नदी दोईन क्षेत्रों में किसानों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर बारिश के पानी के उपयोग की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि छोटी बरसाती नदियों के पानी को चेक डैम के जरिए खेतों तक पहुंचाना बेहद लाभदायक है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और स्थानीय संसाधनों का सही इस्तेमाल कर खेती की पैदावार और आमदनी बढ़ाएं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों से लंबी चर्चा की और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने खेती-बाड़ी की मौजूदा स्थिति, बारिश के हालात, खाद और बीज की उपलब्धता पर विस्तृत जानकारी ली। किसानों ने भी खुले मन से अपनी दिक्कतें और अपेक्षाएं सामने रखीं।
ग्रामीण विकास को राज्य विकास की नींव बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों के हित में हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। सड़क, सिंचाई और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है।”



