Ranchi News : आगामी चुनावों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक अहम बैठक की। बैठक में मतदाता सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि राज्य में मतदान केंद्रों का नक्शा और जियो फेंसिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय न करनी पड़े।
इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिया कि एक मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाताओं की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। साथ ही मतदान केंद्रों के पुनर्गठन (विखंडन) के दौरान यह खास ख्याल रखा जाए कि किसी परिवार या मोहल्ले के सदस्यों को अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाए।
बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा हुई। श्री रवि कुमार ने कहा कि ERO (Electoral Registration Officer), AERO, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ की रिक्तियों को जल्द से जल्द भरा जाए। साथ ही BLO नियुक्त करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि वह उसी मतदान केंद्र का मतदाता हो, जिससे उसे स्थानीय जानकारी बेहतर हो।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत के मतदाता बनने के लिए तीन मुख्य अर्हताएं हैं — व्यक्ति भारत का नागरिक हो, उसकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो और वह देश के किसी भी हिस्से का सामान्य निवासी हो।
श्री कुमार ने जोर देकर कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य है: “कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं और कोई अवैध नाम जुड़ने न पाए।”
इस बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता और सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाने की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।



