रांची: राजधानी को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत के निर्देश पर सोमवार को लालपुर और सदर थाना क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक सेवन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया।
औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
टोबैको कंट्रोल सेल के डिस्ट्रिक्ट कंसलटेंट सुशांत कुमार के नेतृत्व में गठित छापामार दस्ते ने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, बार और लॉन्ज का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। पुलिस बल के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में उन दुकानों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जो प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू बेच रहे थे या उसका प्रचार कर रहे थे।
जुर्माना और सख्त हिदायत
जांच के दौरान दोषी पाए गए लोगों से मौके पर ही 12,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि कोटपा (COTPA) संशोधन अधिनियम 2025 के तहत सार्वजनिक स्थानों, दफ्तरों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू का प्रचार या बिक्री पूरी तरह वर्जित है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में ऐसे औचक निरीक्षण और तेज किए जाएंगे।



