Ranchi : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने रांची विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से सैकड़ों छात्रों ने शव यात्रा निकालकर आक्रोश मार्च किया और विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर कुलपति का प्रतीकात्मक दाह संस्कार किया। कुलपति की अनुपस्थिति में छात्रों ने कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर, सीसीडीसी और अन्य अधिकारियों को करीब 5-6 घंटे तक बंधक बनाए रखा।

स्थिति बिगड़ने पर अंततः कुलपति को छात्रों से वार्ता के लिए विवश होकर आना पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने उन्हें घेरकर 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रमुख मांगें थीं – विश्वविद्यालय और कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं की बहाली, पीएचडी प्रवेश परीक्षा शीघ्र कराने, छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित करने, शिक्षकों और स्टाफ की कमी दूर करने, नए कोर्स शुरू करने, डिग्री वेरिफिकेशन प्रक्रिया सुधारने, स्पोर्ट्स व सांस्कृतिक गतिविधियों को कैलेंडर के अनुसार कराने और प्लेसमेंट सेल को मजबूत करने की।

कुलपति ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं आजसू ने चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

इस आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने किया। कार्यक्रम में ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह, गौरभ सिंह, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, शिवम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version