Ranchi News : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और मेडिकल शिक्षा को आम जनता के करीब लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और लोकसभा सांसद विजय कुमार हांसदा भी उपस्थित रहे।
बैठक में झारखंड के छह जिलों धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के जिला अस्पतालों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड करने के महत्त्वपूर्ण प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इन परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी दी जाए और इनके लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड में तृतीयक (Tertiary) स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा सुलभ होगी।
जेपी नड्डा ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति जताई और इसे सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
इस महत्वपूर्ण बैठक की जानकारी मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा, “केंद्र सरकार के सहयोग से झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूएगा और आम नागरिकों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।”



