Ranchi News : झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ के प्रदेश पदाधिकारियों की अहम बैठक बुधवार को राजधानी रांची के ड्यूक मेंशन लाइन, टैंक रोड स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की।
बैठक में संगठन के पांच मुख्य एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पहला मुद्दा था सभी रूटों पर जल्द से जल्द रेट चार्ट लगाने की व्यवस्था, ताकि यात्रियों और चालकों के बीच किराए को लेकर विवाद न हो। दूसरा, सभी सीएनजी ऑटो का शीघ्र पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। तीसरा, यातायात प्रशासन से आग्रह किया गया कि विभिन्न चौक-चौराहों को जाम मुक्त किया जाए, जिससे शहर में आवागमन सुचारू रहे। चौथा, सभी ऑटो चालकों के लिए पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग रखी गई, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट हो सके। पांचवां और अहम मुद्दा था ऑटो स्टैंडों पर हो रही अवैध वसूली को तत्काल बंद किया जाए।
बैठक में महासंघ के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इन मुद्दों के समाधान से न केवल ऑटो चालकों की दिक्कतें कम होंगी, बल्कि यात्रियों को भी बेहतर और सुरक्षित सेवा मिलेगी। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।



