अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Khunti : जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला के साथ चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, महादेव मंडा में रहने वाली एक महिला, जो ब्यूटी पार्लर चलाती है, के घर एक अज्ञात युवक अनाथालय के नाम पर चंदा मांगने के बहाने पहुंचा।
महिला ने मानवता के भाव से सहयोग करने की इच्छा जताई और अंदर से पैसे लाने गई। जैसे ही वह पैसे लेकर लौटी, युवक ने अपने हाथ में मौजूद किसी नशीले पाउडर को महिला के चेहरे की ओर फूंक दिया। कुछ ही क्षणों में महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।
इसका फायदा उठाकर ठग ने महिला के शरीर से लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने-तीन अंगूठियां, एक चेन और कान के झुमके उतार लिए और फरार हो गया। कुछ देर बाद परिजन पहुंचे तो उन्होंने महिला को बेहोश पाया और तुरंत उसे होश में लाकर पूरी घटना की जानकारी ली।
घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह के ठग इन दिनों सक्रिय हैं, जो अनाथालय या सामाजिक कार्य के नाम पर घरों में घुसकर ठगी की घटनाएं कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर तुरंत सूचना दें और सतर्क रहें।

