चैनपुर थाना क्षेत्र के बरवेनगर गांव में सोमवार देर रात एक जंगली भालू ने 28 वर्षीय समशाद मियां पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2:30 बजे की है। समशाद मियां शौच के लिए अपने घर से बाहर निकले थे, तभी अंधेरे में छिपे एक भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। भालू ने अपने पंजों से उनके सिर और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म कर दिए।हमले के बाद समशाद की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह भालू को वहां से खदेड़ा और आनन-फानन में घायल समशाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर ले गए।स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने समशाद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया है। परिजनों ने बताया कि उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।इस घटना से आक्रोशित और भयभीत परिजनों ने वन विभाग से तत्काल मुआवजे की मांग की है। उन्होंने यह भी गुहार लगाई है कि क्षेत्र में घूम रहे जंगली भालू को जल्द से जल्द पकड़कर या भगाकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। गांव वालों का कहना है कि वे शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।



