Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के गोंदलपुरा पंचायत अंतर्गत जोराकाठ गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना घटी। अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे छह वाहनों और एक जनरेटर को आग के हवाले कर दिया। जलाए गए वाहनों में दो जेसीबी मशीन, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर मशीन, एक पानी टैंकर और एक जनरेटर शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे उग्रवादी संगठन हैं या कोई अन्य आपराधिक गिरोह। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य गोंदलपुरा इलाके में काफी दिनों से चल रहा था, जहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध नहीं किए गए थे। आशंका है कि इस घटना के पीछे निर्माण कार्य को रोकने या दहशत फैलाने की साजिश हो सकती है। फिलहाल, इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



