विजय दिवस पर होगा पार्क का लोकार्पण, कल्याण मंत्री करेंगे उद्घाटन
गुमला:-लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुमला जिले के तर्री बाइपास रोड स्थित जैव विविधता पार्क के उद्घाटन की तिथि तय कर दी गई है। यह पार्क अब वीर शहीद तेलंगा खड़िया के नाम से जाना जाएगा, जिसकी आधिकारिक स्वीकृति सरकार ने प्रदान कर दी है। पार्क का लोकार्पण विजय दिवस के अवसर पर 16 दिसंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि गुमला विधायक भूषण तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे।
उद्घाटन समारोह में जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही पार्क आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे हर आयु वर्ग के लोग यहां की प्राकृतिक सुंदरता और मनोरंजन सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
वन विभाग द्वारा इको टूरिज्म योजना के तहत लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह पार्क विविध थीम पर आधारित है। यहां आगंतुकों के लिए रॉक क्लाइम्बिंग, रोप ट्रेल, जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक, ओपन थिएटर, गज़ेबो, ट्री हाउस, वॉच टावर और बच्चों के लिए खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बटरफ्लाई जोन, कैफेटेरिया और सुंदरता से सजाए गए गार्डेन इसकी खास आकर्षण हैं।
पार्क में गुलाब, कैक्टस, उष्णकटिबंधीय बांस और विभिन्न शो-प्लांट्स का खूबसूरत संग्रह भी तैयार किया गया है। घूमने में लगभग दो से तीन घंटे लगेंगे। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जशपुर, लोहरदगा, रांची, खूंटी और सिमडेगा के पर्यटकों के लिए भी यह पार्क एक नया आकर्षण बनेगा। इसके खुलने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



