अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi News : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता की महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अमेरिकी दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ का स्वागत करते हुए झारखंड की विशिष्टताओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि झारखंड न केवल प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है, बल्कि यहां खनिज संपदा की प्रचुरता भी है, जो राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राज्यपाल ने आगे बताया कि झारखंड धार्मिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ मंदिर, ईटखोरी, रजरप्पा, देउड़ी और पारसनाथ जैसे धार्मिक स्थल पूरे देश और विदेश से श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से सावन माह में होने वाली कांवर यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पावन महीने में देशभर से लाखों श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका के बासुकीनाथ मंदिर पहुंचकर जलार्पण करते हैं। यह धार्मिक उत्सव न केवल आस्था का प्रतीक है बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है।
राज्यपाल ने बताया कि झारखंड के प्राकृतिक जलप्रपात, घने जंगल और पर्यटन स्थल आगंतुकों के लिए बेहद आकर्षक हैं। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, धार्मिक स्थल और खनिज संपदा राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन और औद्योगिक केंद्रों में स्थान दिलाते हैं।
अमेरिकी दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने राज्यपाल द्वारा दी गई जानकारी की सराहना की और झारखंड की सामाजिक एवं आर्थिक विविधता में गहरी रुचि दिखाई। भेंट के दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।



