अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
खूंटी/रनिया: झारखंड में नशा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खूंटी पुलिस को रविवार तड़के एक सफलता हाथ लगी है। खूंटी और गुमला जिले की सरहद पर स्थित भालूटोली इलाके में रनिया पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध डोडा (अफीम का छिलका) से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से कुल 50 बोरा डोडा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
तड़के 4 बजे एसपी की गुप्त सूचना पर एक्शन
ऑपरेशन की शुरुआत रविवार सुबह करीब चार बजे हुई। खूंटी पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग को एक सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि भालूटोली के पास नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप की डील होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तोरपा एसडीपीओ (SDPO) क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार और पुलिस बल की एक टीम तुरंत रवाना की गई।
अपराधी को नहीं पकड़ सकी पुलिस
पुलिस टीम जब भालूटोली पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू की, तो वहां मौजूद तस्करों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को अपनी ओर आते देख ट्रक चालक, खलासी और डोडा खरीदने आए संदिग्ध लोग घने जंगलों और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने जब गहन तलाशी ली, तो सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए कई बोरे मिले। इसके साथ ही मौके पर खड़े ट्रक से भी डोडा की खेप बरामद हुई हालांकि अपराधियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि बरामद डोडा को जप्त कर लिया गया है और अब ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि डोडा की यह खेप स्थानीय खेतों से लाई गई थी या इसे किसी दूसरे राज्य में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
मादक पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध नशा कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े सभी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

