Ranchi News : रेल सुरक्षा बल (RPF), रांची ने मानव तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 7 जुलाई 2025 को रांची रेलवे स्टेशन पर एक विशेष अभियान चलाया। यह अभियान कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर RPF की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर चलाया गया।
चेकिंग के दौरान टीम को दो नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिले। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान प्रकाश एक्का (उम्र लगभग 11 वर्ष) और मनोज टोप्पो (उम्र लगभग 10 वर्ष) के रूप में दी। दोनों बच्चे रांची जिले के चुटिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
बच्चों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण वे बिना किसी को बताए स्टेशन पर काम की तलाश में आ गए थे। वे किसी गलत हाथों में पड़ सकते थे, लेकिन RPF की सतर्कता ने उन्हें समय रहते सुरक्षित बचा लिया।
RPF टीम ने दोनों बच्चों को RPF पोस्ट, रांची ले जाकर सभी विधिक प्रक्रियाएं पूरी की और उन्हें सुरक्षित अवस्था में बाल कल्याण समिति को सौंपा।



