Ranchi : उपायुक्त समीरा एस के निर्देश पर पलामू जिला प्रशासन ने गुरुवार को अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह असैनिक शल्य चिकित्सक के आदेशानुसार गठित विशेष छापेमारी दल ने हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में कई निजी अस्पतालों की जांच की, जिसमें फर्जी चिकित्सक द्वारा बिना डिग्री ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया।
छापेमारी दल में डॉ. ज्योतिष कुमार, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, थाना प्रभारी अफजल अंसारी और पुलिस बल शामिल थे। सबसे पहले टीम ने हैदरनगर हाई स्कूल के पास स्थित विंध्याचल हॉस्पिटल में छापेमारी की। जांच में पता चला कि अस्पताल के संचालक राजू पासवान के पास किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय डिग्री नहीं है, फिर भी वहां सर्जरी की जा रही थी। अस्पताल में भर्ती महिला मरीज और नवजात शिशुओं को तत्काल एम्बुलेंस से सदर अस्पताल मेदिनीनगर भेज दिया गया।
प्रशासन ने विंध्याचल हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और अस्पताल की निगरानी की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस को सौंपी। इसके बाद मरघटिया रोड स्थित आस्था हॉस्पिटल और खुशबू हॉस्पिटल में भी छापेमारी की गई, जहां गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दोनों अस्पतालों को भी सील कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण और योग्य चिकित्सकों के संचालन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



