Ranchi News: रांची से सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को रांची पुलिस ने धनबाद से गिरफ्तार कर लिया है। यह गंभीर मामला तब सामने आया जब आरोपी नित्यानंद पाल ने नशे की हालत में मंत्री को फोन कर धमकी दी कि “अब आपकी बारी है।” इसके बाद एक मैसेज में भी उसने लिखा – “आप पर गोली चलेगी।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने एक विशेष टीम बनाई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अक्सर नशे में इसी तरह की हरकतें करता था और कई लोगों को धमकी दे चुका है।
संजय सेठ ने धमकी की सूचना तुरंत रांची और दिल्ली पुलिस को दी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसके पीछे कोई और साजिश या राजनीतिक एंगल तो नहीं है।



