रांची। सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शहरी क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर राजकुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ सुदेश कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। श्री भजंत्री ने शहर के विभिन्न जुलुस मार्ग का जायजा लेते हुए तमाम तैयारियों के मद्देनजर, शिव मंडप पूजा समिति गाड़ी होटवार, महावीर चौक अपर बाजार, मेडिकल चौक मंदिर रांची, तपोवन मंदिर, सरना टोली हातमा, सरना स्थल हातमा, सिरम टोली सरना स्थल एवं अन्य जगहों का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जुलूस के आगमन एवं प्रस्थान के लिए रास्ता सुगम बनाएं
उपायुक्त ने ओवर ब्रिज के आसपास चल रहे निर्माण कार्य के कारण इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को उन्होंने व्यवस्थित करने का निर्देश कंपनी के पदाधिकारी को दिया। निर्माण कार्य के कारण बने गड्ढों को भरने और बैरिकेडिंग करने का निर्देश भी उन्होंने दिया। जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इसका पूरा ख्याल रखने को कहा गया। कंपनी के पदाधिकारी को उन्होंने जुलूस के आगमन एवं प्रस्थान के लिए रास्ता सुगम बनाने का निर्देश दिया।



