Hazaribagh : जिले में सोमवार को एक अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने ओकनी देवी मंडप के पास से यह शव बरामद किया, जिसकी पहचान स्थानीय निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। रोहित दुर्गा पूजा के दौरान से लापता था और उसके परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

जानकारी के अनुसार, रोहित ऑटो चालक था और बीते कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। सोमवार सुबह आसपास के लोगों ने अर्धनिर्मित मकान से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहां अंदर से रोहित का शव बरामद हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि किसी ने रोहित की हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी है।

Share.
Exit mobile version