Ranchi : जिले के हजारों शिक्षक वार्षिक वेतनवृद्धि में शपथ पत्र की अनिवार्यता को लेकर भड़क गए हैं। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ रांची इकाई के बैनर तले गुरुवार को शिक्षकों ने शिक्षा परिसर, कचहरी में जमकर विरोध दर्ज कराया। संघ ने घोषणा की है कि 5 सितंबर शिक्षक दिवस के दिन जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बादल राज के आदेश की प्रतियां जलाकर अपना विरोध जताया जाएगा।
वेतनवृद्धि पर रोक से नाराजगी
संघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि डीएसई रांची ने हिंदी टिप्पण परीक्षा पास करने के नाम पर लगभग 3 हजार शिक्षकों की जुलाई माह से वेतनवृद्धि रोक दी है। बाद में आदेश जारी कर प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी के समक्ष शपथ पत्र दाखिल करने की अनिवार्यता भी जोड़ दी गई। इसे शिक्षक अव्यवहारिक और अपमानजनक मानते हुए विरोध पर उतर आए हैं।
शिक्षकों का दो टूक : शपथ पत्र नहीं देंगे
संघ के प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि शिक्षक पहले ही हिंदी टिप्पण परीक्षा से मुक्त हो चुके हैं। इसके बावजूद वेतनवृद्धि पर रोक लगाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा, “डीएसई की मनमानी से शिक्षक अपमानित महसूस कर रहे हैं। हम शपथ पत्र देने से इंकार करते हैं और आंदोलन के लिए मजबूर हैं।”
शिक्षक दिवस पर प्रदर्शन की तैयारी
संघ ने स्पष्ट किया कि आंदोलन की शुरुआत शिक्षक दिवस से होगी। दिन के 1 बजे कचहरी स्थित शिक्षा परिसर में बड़ी संख्या में शिक्षक जुटेंगे और डीएसई द्वारा जारी आदेश की प्रतियां जलाएंगे। सभी प्रखंडों में इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। बैठक में संघ के नेता अनूप केशरी, राकेश कुमार, अजय ज्ञानी, संतोष कुमार, सलीम सहाय, कृष्ण शर्मा, गोवर्धन महतो समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।



