अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : रांची के डोरंडा थानाक्षेत्र अंतर्गत हिनू इलाके में बुधवार की सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। टेंडर हार्ट स्कूल की एक बस बच्चों को लेकर साकेत नगर की ओर जा रही थी, तभी इंदिरा पैलेस मोड़ के पास अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। उस वक्त बस में करीब 30 स्कूली बच्चे सवार थे।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही ड्राइवर को ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ, उसने और सह चालक ने तुरंत लोगों को चेतावनी देना शुरू कर दिया। दोनों ज़ोर-ज़ोर से चिल्ला कर लोगों से रास्ते से हटने की अपील कर रहे थे, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
सौभाग्यवश, बस की रफ्तार बहुत ज्यादा नहीं थी क्योंकि वह साकेत नगर में प्रवेश कर रही थी। इसी बीच, सह चालक ने बहादुरी दिखाते हुए चलती बस से छलांग लगा दी और तेजी से बस के टायरों के सामने पत्थर रख दिए। इस प्रयास से बस की गति धीरे-धीरे थम गई और वह कुछ ही दूरी पर रुक गई।
हालांकि इस पूरी घटना के दौरान एक स्कूटी सवार और एक पैदल चलने वाला व्यक्ति बस से बचने की कोशिश में मामूली रूप से घायल हो गए। लेकिन सबसे राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि बच्चे इस भयावह अनुभव से काफी सहम गए थे और कई बच्चों ने रोना भी शुरू कर दिया। बस के रुकने के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया। कुछ बच्चे पैदल ही घर की ओर रवाना हो गए।
घंटे भर तक रहा जाम
बस जहां रुकी थी, वह साकेत नगर मोड़ और हिनू मेन रोड के बीच का व्यस्त इलाका था। इस कारण वहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जो करीब एक घंटे तक रही। हिनू चौक से साकेत नगर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मार्ग को डायवर्ट कर दिया और बस को हटाने के लिए मैकेनिक बुलाया गया।
लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद बस को वहां से हटाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों और माता-पिता ने ड्राइवर और सह चालक की सतर्कता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

