Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा राज्यभर में शुरू किए गए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की पहल अब रंग लाने लगी है। वर्ष 2023 में आरंभ की गई इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का लक्ष्य रखा गया था। अब इस योजना के पहले बैच के छात्रों ने सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर राज्य सरकार की इस योजना की सफलता को प्रमाणित कर दिया है। इस वर्ष पहली बार सीबीएसई बोर्ड के तर्ज पर इन विद्यालयों के छात्रों ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं दीं और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सामने आए।
- 10वीं कक्षा में जिला स्कूल मेदिनीनगर के छात्र शिवलाल मेहता ने सर्वाधिक 96.6% अंक प्राप्त कर राज्य में टॉप किया।
- वहीं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट विद्यालय दुमका की छात्रा सुभाश्री वर्मा ने 96.4% अंक प्राप्त कर आर्ट्स संकाय में पहला स्थान हासिल किया।
सभी संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
10वीं में बोकारो के अभय कुमार और अभिनव गुप्ता ने 95.4%, लातेहार की अन्वेषा सिंह ने 95%, मेदिनीनगर की स्वर्णा राज ने 94.4%, प्रशंसा कुमार दुबे ने 93.6% और नावाडीह की खुशी कुमारी ने 93% अंक प्राप्त किए। इसी प्रकार 12वीं में पलामू के ऋषि राज आनंद ने साइंस में 96.2%, गिरिडीह की श्रेया पांडे, लक्ष्मी कुमारी और प्रज्ञा कुमारी ने क्रमशः 94.4%, 94.6% और 94.2% अंक प्राप्त किए। कॉमर्स संकाय में हजारीबाग की डॉली कुमारी और रांची की सृष्टि देवघरिया को 94% अंक प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि यह केवल एक परीक्षा की जीत नहीं है, बल्कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। इस सफलता से यह साबित हो गया है कि यदि सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं और शिक्षण पद्धति दी जाए, तो छात्र किसी भी बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।



